SHAHDOL: अतिक्रमणकारियों ने वन अमले से की मारपीट, पपौंध थाने में मामला हुआ दर्ज

वन भूमि पर आरोपी जबरन कर रहे थे कब्जा, रोकने पर बोले- झोपड़ी यहीं बनाएंगे
 
Shahdol

शहडोल। जिले के ब्यौहारी वन परिक्षेत्र अंतर्गत पपौढ़ बीट में अतिक्रमण रोकने गए वन अमले पर हमला हुआ है। यह घटना शनिवार की बताई गई है। हालांकि, इस मामले में रविवार को पपौंध पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस में घटना की शिकायत बीट गार्ड आनंद शुक्ला ने की है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करने जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, वन भूमि में संबंधित आरोपी झोपड़ी बना रहे थे। बीट गार्ड ने बताया कि, परिक्षेत्र सहायक अल्हरा रमाशंकर पाण्डेय व स्टाफ पुष्पेन्द्र मिश्रा, रामदीन बैगा, अमित बैगा व अंशकालिक सुरक्षा श्रमिक शिवरतन कोल, उदयभान कोल के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बीट पपौढ़ कक्ष क्रमॉक P-143 मे अवैध झोपड़ी बनाते हुए देखे। जब उसे रोकने गए तो हम पर हमला हो गया।

बीट गार्ड ने पुलिस को बताया कि, जब हम लोगों ने पास में जाकर पूछा, तो उसने अपना नाम बबलू सिह गोंड़, निवासी पडुई (दलको कोठार) का रहना बताया। उसे अवैध झोपड़ी निर्माण कार्य को रोकने को कहा, तो उसने मना कर दिया। तभी अतुल सिंह नाम लड़का का वहां आया और बोलने लगा कि, झोपड़ी यहीं पर बनाएंगे।

कुल्हाड़ी छीनकर की मारपीट

पीड़ित बीट गार्ड ने पुलिस को बताया कि, उसी समय सफेद आसमानी नीले रंग का शर्ट पहने एक व्यक्ति आया। जो बीट गार्ड पुष्पेन्द्र मिश्रा से कुल्हाड़ी छीन रहा था। इसके अलावा अतुल सिंह ने पीछे से पुष्पेन्द्र मिश्रा को पकड़ लिया और मारपीट करने लगे। मौके पर रामदीन बैगा, अमित बैगा, अंशकालिक सुरक्षा श्रमिक शिवरतन कोल, उदयभान कोल ने बीच बचाव किया।

एक पकड़ाया, एक फरार

पपौंध पुलिस ने बताया कि, मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद वनकर्मियों ने महेंद्र सिंह गोंड़ नाम के आरोपी को पकड़ लिया था। वहीं अतुल सिंह नाम का आरोपी फरार है। जिसे पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Tags