MP में फेंगल तूफान हुआ कमजोर, अगले कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड से राहत
MP के फेंगल तूफान काफी कमजोर पड़ गया है, लेकिन उसके असर से हवाओं के साथ कुछ नमी आ रही है। इस वजह से फिलहाल मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड से राहत मिली हुई है।
![weather](https://www.mptezkhabar.com/static/c1e/client/112558/uploaded/0936122c96642384150cef9d7a602ca9.jpg?width=963&height=540&resizemode=4)
इसी क्रम में गुरुवार को रात का सबसे कम 10.6 डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में दर्ज किया गया। दिन का सबसे अधिक 31.6 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में रिकार्ड किया गया।
ठंड के आसार नहीं
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अभी कड़ाके की ठंड के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। तूफान फेंगल कमजोर पड़ने के बाद अब पूर्व-मध्य अरब सागर में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में मौजूद है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इस वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बना हुआ है। हालांकि दिन के तापमान में प्रदेश के अधिकतर जिलों में बढ़ोतरी हुई है।
वर्षा होने के आसार
सात दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने की संभावना है। उसके प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी एवं वर्षा होने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ने पर मध्य प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो सकता है। उसके पूर्व मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने के आसार हैं।