पहले मायाजाल में फांसा... फिर विडियो बनाकर 56 वर्षीय अधेड़ से ब्लैकमेलिंग

गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, एक अभी फरार.
 
Shahdol

शहडोल। जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है। जहां अश्लील वीडियो वायरल न करने के एवज अधेड़ व्यक्ति को ब्लैकमेल करते हुए उससे पैसों की मांग की गई। इतना ही नहीं मांगी गई रकम पूरा नहीं दिए जाने पर पीड़ित को गिरोह के सदस्यों ने मिलकर किडनैप भी कर लिया। बहरहाल, मामले की शिकायत बाद पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले तीन सदस्यीय गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, इसमें संलिप्त एक अन्य आरोपी अभी फरार है। जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह गिरोह अपने मायाजाल में फंसाकर नव युवक व अधेड़ पुरूषों का पहले तो उनकी अश्लील वीडियो बनाती थी। उसके बाद ऐसे लोगों से शुरू होता था, पैसे ऐंठने का काम। बताया गया है कि, इस गिरोह की महिला लोगों से अवैध संबंध बनाने का नाटक करती और इसी बीच उनका अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे। इस शातिर अंदाज से गिरोह ने की लोगों को अपना शिकार बनाया है और उनसे लाखों रुपए लूटा है। उनका यह धंधा काफी दिनों से फल फूल रहा था। लेकिन, अब जाकर पुलिस के हत्थे गिरोह के सदस्य आए हैं।

की गई शिकायत में बंगवार निवासी 56 वर्षीय रामकुमार परते ने बताया कि, गीता तिवारी नामक महिला ने अवैध संबंध बनाने का नाटक किया। इस दौरान उसके साथी अभिषेक सिंह व एक अन्य महिला मौके पर पहुंची और उन्होंने अश्लील वीडियो बना लिया। फिर तीनों ने मिलाकर 1 लाख 50 हजार रुपए मांगे। बदनामी के डर से 50 हजार दिया। उसके बाद 1 लाख और मांग करते हुए उसे उठाकर शहडोल होते हुए उमरिया जिला ले जाया गया। जिसकी जानकारी पीड़ित के परिजनों को लगी।

आनन फानन में परिजन थाने पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सायबर सेल की मदद ली और गीता और अभिषेक को पुलिस ने दबोच लिया। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 384, 385, 506,120 बी, 34,3(2)(व्ही) एसटी/एससी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह बात भी सामने आई है कि, इस पूरे मामले की मास्टरमाइंड शातिर महिला गीता तिवारी पूर्व में भी लूट एवं गांजा मामले में आरोपी रही है।

00000000

Tags