PUBG की लत ने ली एक और जान: रीवा में गेम खेलने से रोकने पर पति ने घोंटा पत्नी का गला

6 माह पहले हुई थी शादी; काम की सलाह पति को लगी नागवार, गमछे से गला घोंटकर पति रातोंरात हुआ फरार; पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में.
 
Pubg
Rewa MP News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पति ने मोबाइल गेम "PUBG" खेलने की लत के कारण अपनी ही नवविवाहित पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र के गुड़वा गाँव की है। अपनी पति की दिनभर पबजी खेलने की आदत से परेशान पत्नी ने जब उसे गेम छोड़कर कुछ काम करने की सलाह दी, तो यह बात पति को इतनी नागवार गुज़री कि उसने गला घोंटकर पत्नी को मौत के घाट उतार दिया।
​गेमिंग की लत और 6 माह का रिश्ता
​मृतक पत्नी की पहचान नेहा पटेल (25) के रूप में हुई है, जिसकी शादी लगभग छह माह पहले ही पति रंजीत पटेल के साथ हुई थी। विवाह के दौरान सात जन्मों तक साथ निभाने की कसमें खाई गई थीं, लेकिन महज़ छह माहिनों में ही यह रिश्ता पति की मोबाइल गेम की सनक के चलते खत्म हो गया।
​पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, पति रंजीत पटेल को PUBG गेम खेलने की ऐसी लत लग चुकी थी कि वह दिनभर मोबाइल पर ही मशगूल रहता था और कोई काम नहीं करता था। पत्नी नेहा इस बात को लेकर चिंतित थी और अक्सर अपने पति को रोजी-रोटी कमाने की सलाह देती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े भी होते रहते थे।
​क्रूरता की रात: गमछे से घोंटा गला
​दुर्भाग्यपूर्ण घटना उस रात घटी जब एक बार फिर पत्नी नेहा ने पति को पब्जी खेलने की बजाय काम धंधा करने की सलाह दी। इस मामूली सी बात पर रंजीत पटेल भड़क उठा और गुस्से में कमरे के भीतर ही पत्नी पर हमला कर दिया। उसने गमछे (तौलिये) का उपयोग करके नेहा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई ।
​सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी घर में दूसरे कमरे में मौजूद थे, लेकिन उन्हें इस जघन्य अपराध की ज़रा सी भी भनक नहीं लगी।
​हत्या के बाद फ़रार और 'साढू' को मैसेज
​पत्नी की हत्या करने के बाद, आरोपी पति रंजीत पटेल ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और रातोंरात वहाँ से फरार हो गया। भागने के बाद, उसने अपने साढू (पत्नी के जीजा) को मोबाइल पर मैसेज भेजकर नेहा को जान से मारने की जानकारी दी। इस मैसेज के सामने आने के बाद ही परिवार और पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस इस मैसेज की सत्यता और प्रामाणिकता की जाँच कर रही है। साइबर फॉरेंसिक्स टीम को मैसेज की जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मैसेज आरोपी ने ही भेजा है या किसी अन्य माध्यम से भेजा गया है।
​पुलिस का बयान और जाँच की दिशा
​इस गंभीर मामले पर डीएसपी हेडक्वार्टर उदित मिश्रा ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही गुढ़ थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और जाँच शुरू की।
​डीएसपी मिश्रा ने पुष्टि करते हुए कहा, "शव घर के अंदर मिला है और मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं। प्रथम दृष्टया, यह गला घोंटकर हत्या का मामला प्रतीत होता है। घटना के बाद से पति फरार है।" उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पति-पत्नी में PUBG गेम खेलने की बात को लेकर अक्सर विवाद होता था और पति काम न करके मोबाइल पर मशगूल रहता था।
​पुलिस ने मृतका के मायके वालों के बयान भी दर्ज किए हैं। परिजनों ने हत्या के पीछे दहेज की माँग का भी आरोप लगाया है। डीएसपी मिश्रा ने इस संबंध में बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर, यदि दहेज से जुड़े कोई भी तथ्य सामने आते हैं, तो उन सभी सुसंगत धाराओं को एफआईआर में शामिल किया जाएगा और विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
​वर्तमान में, आरोपी रंजीत पटेल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन से चार टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Tags