नगरपालिका प्रशासन की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल: पाली में निर्माणाधीन चौपाटी बनी नशेड़ियों की पहली पसंद, देर रात तलक जाम रहे छलक

उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली में साई मंदिर तिराहा अस्पताल के समीप निर्माणाधीन चौपाटी इन दिनों शराबियों का अड्डा बनी हुई है।
 
rrr

जहां महीनों पहले चारों तरफ दीवार तो खड़ी कर दी गई है। लेकिन, आगे का काम अभी भी अधूरा है। काम बंद कर दिया गया है, जिसे लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर इस चार दीवारी के भीतर नशेड़ी की मुराद पूरी हो रही है।

गौरतलब है कि, उक्त स्थल में शाम ढलते ही नशेड़ियों का जमघट लग जाता है। जिसके बाद देर रात तक जाम पर जाम छलकाते हैं। ऐसा नहीं है कि, इसकी जानकारी प्रशासन को नहीं है। फिर भी न जाने क्यों कोई ठोस कार्रवाई नहीं प्रदर्शित हो सकी है। ज्ञातव्य हो कि, सामने साई मंदिर और अस्पताल होने के चलते यहां महिलाएं और बच्चों आदि का लगातार आना-जाना लगा रहता है। इन नशेड़ियों के वजह से इन लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

नगर में चौपाटी का कोई निश्चित स्थान न होने के कारण सभी ठेले थाना के सामने ही रोड पर लगते हैं। जिनकी वजह से आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके साथ ही रोड में ठेले लग जाने के कारण कई बार सड़क जाम भी लगता रहता है। बावजूद इसके, नगर पालिका प्रशासन चौपाटी निर्माण को लेकर सजगता नहीं दिखा रहा है। जिम्मेदार अफसरों की लापरवाही का नतीजा ही है कि, एक लंबा समय बीत जाने के बाद भी चौपाटी निर्माण अधर में लटका हुआ है।

विचारणीय है कि, लगातार मुख्य सड़क पर हुए हादसों के बाद भी नगरपालिका प्रशासन नहीं चेत रहा है। बीते महीने रविवार को ही बिरासनी मंदिर रोड़ में एक सब्जी ठेले पर जीप ने ठोकर मार दी थी। हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ था। उक्त दुर्घटना के बाद लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के कार्यशैली को लेकर आवाज उठाई थी। शायद वह आवाज भी अब तक संबंधित अधिकारियों के कानों तक नहीं पहुंच सकी है। मानो ऐसा प्रतीत होता है कि, नगरपालिका प्रशासन के जिम्मेदारों को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार ही नहीं।

उसके बावजूद भी नगर पालिका प्रशासन हुई इस दुर्घटना के बाद भी सबक नहीं ले रहा है और आज भी सभी ठेले सड़क पर ही लगते हैं जिससे आए दिन दुर्घटना होने का डर बना रहता है।

Tags