रीवा लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: नक्शा तरमीम और नामांतरण के नाम पर रिश्वत लेते पटवारी-सर्वेयर ट्रैप
REWA MADHYA PRADESH LOKAYUKTA: रीवा लोकायुक्त की टीम ने आज (21 नवंबर, 2025) भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त पुलिस ने बैकुंठपुर के बड़ोखर गांव में हल्का पटवारी और एक सर्वेयर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई जमीन के नक्शा तरमीम (नक्शा सुधार) और नामांतरण (म्यूटेशन) जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने के एवज में की गई रिश्वत की मांग पर आधारित थी.
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हल्का पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी के रूप में हुई है। लोकायुक्त टीम ने उन्हें फरियादी से ₹4,800 की रिश्वत लेते हुए पकड़ा।
क्या था पूरा मामला?
कार्रवाई के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई शिकायतकर्ता राजेंद्र साहू की शिकायत पर की। राजेंद्र साहू, जो ग्राम बड़ोकर के निवासी हैं., ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी पत्नी श्यामवती साहू के नाम पर एक जमीन खरीदी थी। खरीदी गई इस जमीन के सरकारी रिकॉर्ड में नक्शा तरमीम और नामांतरण कराने के लिए हल्का पटवारी हंसराज पटेल द्वारा उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी.
शिकायतकर्ता राजेंद्र साहू के अनुसार, पटवारी द्वारा इस काम को करने के लिए शुरू में ₹6,000 की रिश्वत मांगी गई थी। पटवारी हंसराज पटेल यह रिश्वत की रकम सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी के माध्यम से मांग रहे थे।
शिकायत का सत्यापन और ट्रैप की कार्रवाई
फरियादी राजेंद्र साहू की शिकायत मिलने के बाद, लोकायुक्त की टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान, यह पाया गया कि पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी दोनों सामूहिक रूप से ₹4,800 की रिश्वत की मांग कर रहे थे । शिकायत सही पाए जाने के बाद, लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के तहत, आज 21 नवंबर को, लोकायुक्त की टीम ने आरोपियों को शिकायतकर्ता से ₹4,800 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई जिले के गढ़ क्षेत्र में स्थित हल्का बड़ोखर में की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कार्रवाई के बाद, लोकायुक्त टीम ने तत्काल दोनों आरोपियों - पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी - के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद, दोनों आरोपियों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए संभागीय कार्यालय रीवा लाया गया, जहां पूछताछ और कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में लोकायुक्त के अधिकारी ने भी पुष्टि करते हुए बताया, "फरियादी शिकायतकर्ता राजेंद्र साहू ग्राम बड़ोकर के द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उनके जमीन का रबा स्थान नामांतरण करने के लिए आरोपी पटवारी हंसराज पटेल के द्वारा रिश्वत की मांग की गई है। जिसका सत्यापन कराया गया और सत्यापन के दौरान मांग सही पाई गई। आज दिनांक 21/11/25 को हमारी टीम के द्वारा उनको ₹4800 की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है"
